Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

हमीरपुर में चौंकाने वाली वारदात: iPhone की चाह में बेटे ने मां के गहने किए चोरी, फिर लिया 3 लाख का लोन

April 8, 2026

हमीरपुर में चौंकाने वाली वारदात: iPhone की चाह में बेटे ने मां के गहने किए चोरी, फिर लिया 3 लाख का लोन

हिमाचल डेस्कः हमीरपुर जिला के पुलिस थाना नादौन के तहत गगाल में दो दिन पूर्व हुई गहनों की चोरी का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस ने चोरी किए गए गहनों को नादौन स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी से बरामद कर लिया है। जांच में यह अहम खुलासा हुआ है कि नाबालिग बेटे ने iPhone खरीदने और अन्य शौक पूरे करने के लिए इस चोरी को अंजाम दिया था। चोरी किए गए गहनों के बदले करीब 3 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था।

जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को गगाल निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी के सोने के गहने घर की अलमारी से चोरी हो गए हैं और इस चोरी में उनके बेटे का हाथ हो सकता है। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि आरोपी बेटा नाबालिग है।

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसने सोने के गहने कृष कौंडल निवासी गांव कुठार को दे दिए थे। कृष कौंडल ने अपनी बहन निशा कुमारी निवासी टिल्लू के साथ मिलकर इन गहनों को नादौन स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर गोल्ड लोन हासिल किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गहनों को बरामद कर लिया है। बरामद सोने के गहनों का कुल वजन लगभग 31.77 ग्राम है, जिनकी पहचान शिकायतकर्ता की पत्नी ने कर ली है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कृष कौंडल डीजे का काम करता है। एक शादी समारोह के दौरान नाबालिग की मुलाकात कृष से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसी दौरान उन्होंने चोरी की योजना बनाई और बाद में गहनों के बदले लोन लिया।

हमीरपुर एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें