कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। वहीं राज्य के पर्वतीय इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात को प्रदेश के दस स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ गई।
लाहौल-स्पीति के केलांग में पारा -10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में भी गिरावट का असर दिखा और शिमला सहित कई शहरों में हल्की सर्द हवाएं चलती रहीं।
4 नवंबर तक रहेगा साफ आसमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आगामी 4 नवंबर तक पूरे हिमाचल में आसमान साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुंदरनगर में मध्यम और मंडी क्षेत्र में हल्का कोहरा छाया रहा। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन आने वाले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट संभव है।
बढ़ रहा है उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव तेज़ी से बढ़ रहा है। यह सर्दियों की शुरुआत का संकेत है। आने वाले दिनों में ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर जैसे मैदानी जिलों में भी सुबह-शाम की ठंड बढ़ने की संभावना है। नवंबर के पहले सप्ताह में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और गिरावट देखने को मिल सकती है।
शिमला में पारा 9.4 डिग्री पर पहुंचा
मंगलवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 11.5, भुंतर में 9.1, कल्पा में 3.8, धर्मशाला में 13.8, ऊना में 11.5, केलांग में -0.2, मनाली में 5.4, सोलन में 10.0 और कुकुमसेरी में 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊना सबसे गर्म रहा, जहां पारा 30.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। इसके अलावा बिलासपुर में 28.7, धर्मशाला में 27.1, कांगड़ा में 27.0 और शिमला में 19.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें: रोपड़: शादी समारोह के दौरान AAP नेता पर हुई फायरिंग, हालत गंभीर
सर्दियों की आहट
उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ मौसम के कारण राज्यभर में तापमान लगातार गिर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बढ़ जाएगी।

