Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal: कुल्लू में पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरने से बची, बड़ा सड़क हादसा टला

January 29, 2026

Himachal: कुल्लू में पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरने से बची, बड़ा सड़क हादसा टला

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के कुल्लू जिले में वीरवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर छन्नीखोड़ के समीप पर्यटकों से भरी एक निजी बस अचानक फिसलकर अनियंत्रित हो गई। बस सड़क से फिसलते हुए खाई की ओर बढ़ी, लेकिन सौभाग्य से वह सड़क किनारे ही रुक गई। यदि बस न रुकती तो नीचे बह रही पार्वती नदी में गिर सकती थी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में पर्यटक सवार थे, सभी सुरक्षित हैं।

ये भी पढ़ें :-

पाला और फिसलन बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि इन दिनों भुंतर-मणिकर्ण सहित जिले की कई सड़कों पर पाला जमने से फिसलन बढ़ गई है। इसके साथ ही सड़कों की खराब हालत भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। खासकर सुबह और शाम के समय दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है, जहां हल्की सी चूक भी बड़ा हादसा बन सकती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के फिसलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

सुरक्षा इंतजामों की उठी मांग

स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक, क्रैश बैरियर और नियमित सड़क रखरखाव बेहद जरूरी है। वहीं प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम और पाले के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

ये भी पढे़ं :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें