
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर तक तपोवन में आयोजित होगा। सत्र में कुल छह बैठकें होंगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सत्र के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सत्र के लिए विधायकों की ओर से कुल 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 219 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत 3, नियम 101 के तहत 3 और नियम 130 के तहत 9 सूचनाएं मिली हैं। सदन में सड़क-पुल निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन, रिक्त पदों, पर्यटन, पेयजल, नशे की रोकथाम, अपराध और परिवहन व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठेंगे।
सत्र के पहले दिन पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया और दिवंगत विधायक नंद लाल को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 19 नवंबर को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस होगा, जबकि 21 नवंबर शनिवार को भी सदन की बैठक आयोजित की जाएगी।
पठानियां ने बताया कि तपोवन विधानसभा परिसर में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आगंतुकों के प्रवेश के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अलग-अलग श्रेणियों के लिए प्रवेश द्वार और पास निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा भवन के भीतर मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस और चिकित्सा टीम भी तैनात रहेगी।
उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष से सत्र के सुचारू संचालन में सहयोग देने की अपील की, ताकि जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके। इससे पूर्व उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा विधानसभा परिसर का निरीक्षण भी किया।
📍 Location: शिमला (शिमला)