शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदन में मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा भारतीय सेना और राफेल डील को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शिमला स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को पुतला फूंकने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प के दौरान भाजयुमो नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस पर बदसलूकी करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने पुतला दहन करने से रोकने के लिए उनके साथ धक्का-मुक्की की। वहीं, पुलिस ने मंत्री का पुतला नहीं जलने दिया और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया।
भाजपा एवं भाजयुमो नेताओं ने कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है और सेना के शौर्य, पराक्रम तथा देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों पर किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को सोच-समझकर बयान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी से देश के सैनिकों और पूर्व सैनिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। नेताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
दरअसल, 18 नवंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में चर्चा के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमानों की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद सदन में भाजपा विधायकों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मंत्री से बिना शर्त माफी मांगने की मांग उठाई थी। इस मुद्दे पर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट भी किया था। भाजपा का आरोप है कि मंत्री की टिप्पणियां भारतीय सेना के सम्मान के विपरीत हैं।
मंत्री नेगी ने हालांकि अपनी टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने सेना के खिलाफ कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही है और उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। भाजयुमो का कहना है कि जब तक मंत्री सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगते, तब तक इस मुद्दे पर उनका विरोध जारी रहेगा। शिमला में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प ने मामले को और गरमा दिया है।
📍 Location: शिमला (शिमला)