हिमाचल डेस्कः बर्फ के दीवाने पर्यटकों ने हिमपात की खबर सुनते ही मनाली का रुख कर लिया। शनिवार सुबह पतलीकूहल से मनाली तक 16 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मनाली में दो फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है, जिससे पर्यटक वाहन सड़कों पर जाम हो गए, जबकि होटल 55-60 प्रतिशत भरे हैं। शुक्रवार को आ रहे पर्यटक रास्ते में ही फंस गए।
चढ़ाई वाले इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी
पतलीकूहल से मनाली तक चढ़ाई वाले क्षेत्रों—पुलिस स्टेशन से वोल्वो स्टैंड, रांगड़ी, तिब्बतन स्कूल, आलू ग्राउंड और 17 मील—में वाहन फिसले और आपस में टकराए। प्रशासन रातभर जाम खोलने में जुटा रहा। अन्य राज्यों से आए पर्यटक गाड़ियों में रात गुजारने को मजबूर हुए। अधिकारियों ने उन्हें खाने-पीने का सामान पहुंचाया।
ये भी देखें :- मौसम ठीक होने के बाद भी राजधानी में बसें नहीं चली, छोटे वाहन चले
एसडीएम का बयान
एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा देर रात तक मौके पर डटे रहे। उन्होंने बताया कि तेज हिमपात से सड़क बहाली प्रभावित हुई, लेकिन सुबह राहत कार्य तेज कर दिए गए। नेशनल हाईवे और वाम तट मार्ग पर काम शुरू हो चुका है, मनाली शहर की सड़कों से बर्फ हटा ली गई। जल्द ही पर्यटक गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पर्यटकों से की अपील
एसडीएम ने होटलों में ठहरे पर्यटकों से अपील की कि हालात सामान्य न होने तक बाहर न निकलें, बर्फ पर गाड़ी न चलाएं। स्थानीय ड्राइवर के साथ ही फोर-व्हील ड्राइव वाहनों का इस्तेमाल करें।
ये भी पढे़ं :- Snowfall In J&K: जम्मू-श्रीनगर NH दूसरे दिन भी बंद, बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में जनजीवन ठप