
हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी), शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 15 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें :-
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से 15 जुलाई तक शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। सिरमौर, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में लगातार कई दिनों तक भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।
विभाग ने यह भी बताया कि 9 से 15 जुलाई के बीच किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की भी संभावना है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चंबा के जोत में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। वहीं बिलासपुर के मलरांव, शिमला के सराहन और चंबा के चुवाड़ी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भुंतर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव, सड़कें फिसलनभरी होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने का खतरा भी बना हुआ है।
ये भी पढ़ें :-