Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal News: भारी बारिश से मची तबाही को देख भावुक हुए CM Sukhu, जनता से की सावधानी बरतने की अपील

September 16, 2025

Himachal News: भारी बारिश से मची तबाही को देख भावुक हुए CM Sukhu, जनता से की सावधानी बरतने की अपील

CM Sukhwinder Singh Sukhu : देवभूमि हिमाचल प्रदेश एक बार फिर प्रकृति के प्रकोप से जूझ रहा है। बता दें कि बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर और शिमला सहित कई जिलों में तबाही मचा दी है। बादल फटने जैसी तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। भारी बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन और जलभराव से सड़कें बंद हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है।

मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद राजधानी शिमला में इस बारिश की भयावहता को महसूस किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। धर्मपुर में एक व्यक्ति के लापता होने और निहरी में तीन लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

आगे उन्होंने कहा कि बारिश से जन-धन का भारी नुक़सान हुआ है। मैंने प्रशासन को सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। कल रात शिमला में स्वयं इस बारिश की भयावहता को महसूस किया। सचमुच, यह हमारे प्रदेश के लिए बेहद कठिन समय है। मौसम की बदली परिस्थितियों ने तबाही का नया मंज़र खड़ा कर दिया है, जिसे देखकर मन बेहद व्यथित है। मैं प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे। मौसम विभाग ने आज भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आप सभी से निवेदन है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।

राहत और बचाव कार्य तेज

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पूरे प्रशासनिक अमले को हाई अलर्ट पर रखा है। उन्होंने सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने प्रभावित इलाकों में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए एसडीआरएफ और पुलिस बल को सक्रिय कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाना और लापता लोगों को सुरक्षित ढूंढना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनता से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद करेगी और हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे। मौसम विभाग ने आज भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें