Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल ऑन सेल : प्रदेश की बेशकीमती संपत्तियों को निजी हाथों में सौंप रही कांग्रेस सरकार – राकेश शर्मा

November 29, 2026

हिमाचल ऑन सेल : प्रदेश की बेशकीमती संपत्तियों को निजी हाथों में सौंप रही कांग्रेस सरकार – राकेश शर्मा

शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश की बहुमूल्य सरकारी संपत्तियों और जमीनों को निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू सरकार की नीतियों से आज ‘हिमाचल ऑन सेल’ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, पर्यटन संपत्तियों और औद्योगिक भूमि के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ जैसी बेशकीमती संपत्ति को पीपीपी मॉडल के तहत निजी हाथों में सौंपने की तैयारी पर सरकार को जवाब देना चाहिए। आखिर सरकार स्वयं इसका जीर्णोद्धार और संचालन क्यों नहीं कर सकती? पर्यटन विकास निगम की 18 संपत्तियों को लीज पर देने का मुद्दा भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित ‘हिम चंडीगढ़’ परियोजना के नाम पर निजी निवेशकों को जमीन उपलब्ध करवाने की योजना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उद्योग स्थापित करने के लिए आवंटित जमीनों का भू-उपयोग बदलकर रियल एस्टेट गतिविधियों की अनुमति देने संबंधी आरोप अत्यंत गंभीर हैं। सरकार स्पष्ट करे कि उद्योगों के नाम पर कितनी जमीन आवंटित की गई और उससे कितने हिमाचली युवाओं को रोजगार मिला।

शर्मा ने कहा कि दिसंबर 2025 में विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार तीन वर्षों में धारा 118 के तहत 1,181 मामलों को मंजूरी दी गई, जिनमें 472 व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रयोजनों से संबंधित थे। अकेले सोलन जिले में कुल 651 मामलों को स्वीकृति मिली। सरकार इन सभी अनुमतियों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करे। उन्होंने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की करीब 1,500 बीघा भूमि, बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क और दिल्ली स्थित हिमाचल निकेतन को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर हिमाचल की बात करते हैं, लेकिन आत्मनिर्भरता का अर्थ सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपना नहीं, बल्कि उनका बेहतर प्रबंधन करके राजस्व बढ़ाना है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस सरकार दिसंबर 2022 से अब तक सरकारी संपत्तियों की लीज, भूमि आवंटन, भू-उपयोग परिवर्तन और धारा 118 के तहत दी गई अनुमतियों पर विस्तृत श्वेतपत्र जारी करे, ताकि प्रदेश की जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें