जम्मू-कश्मीर डेस्कः किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। खासतौर पर सीमावर्ती चंबा जिले में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। किश्तवाड़ से तीन आतंकियों के फरार होने की सूचना के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
हिमाचल प्रदेश के जम्मू-कश्मीर से सटे इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। हमले के बाद चंबा जिला पूरी तरह सुरक्षा घेरे में आ गया है। जम्मू-कश्मीर से लगने वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और प्रत्येक मार्ग पर सख्त पहरा बैठाया गया है।
डोडा-किश्तवाड़ से आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। पुलिस और सुरक्षा बल हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। फरार आतंकियों की तलाश के बीच चंबा जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रशासन किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार गश्त कर रही हैं।
216 किलोमीटर लंबी सीमा जम्मू-कश्मीर से लगती है चंबा की
चंबा जिले की लगभग 216 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमा जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील जिलों डोडा और कठुआ से लगती है। इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की चूक नहीं करना चाहतीं। डोडा-किश्तवाड़ होते हुए जम्मू से चंबा की ओर आने वाले प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जा रही है। वाहनों के दस्तावेजों के साथ यात्रियों की पहचान भी बारीकी से सत्यापित की जा रही है।
सेना और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले के बाद तीन आतंकियों के फरार होने की सूचना से पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सेना और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसी क्रम में चंबा पुलिस ने भी सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी और पेट्रोलिंग तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक का बयान
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि किश्तवाड़ की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सीमाओं पर तैनात जवानों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वाहन की तुरंत सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दें।
अफवाहों से बचेंः पुलिस
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि चंबा जिला पूरी तरह सुरक्षित बना रहे।