Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Weather: हिमाचल में बढ़ी कड़ाके की ठंड: 11 जगहों पर न्यूनतम पारा 5°C से नीचे

November 14, 2025

Himachal Weather: हिमाचल में बढ़ी कड़ाके की ठंड: 11 जगहों पर न्यूनतम पारा 5°C से नीचे

शिमला: हिमाचल प्रदेश में सर्दी इस समय अपने चरम पर है। पहाड़ों से लेकर घाटियों तक तापमान तेजी से गिर रहा है। राज्य में 11 स्थान ऐसे हैं जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। स्पीति घाटी के ताबो, कुकुमसेरी और लाहौल केलांग में तापमान माइनस में पहुंच चुका है, जबकि किन्नौर का कल्पा भी शून्य डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।

राजधानी शिमला में धूप तो खिल रही है, लेकिन सुबह-शाम की ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर इतनी तेज है कि कई जगहों पर नाले, तालाब और झरने जमने लगे हैं। वहीं मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो रही है।

20 नवंबर तक रहेगा साफ मौसम, तापमान और गिरेगा

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, पूरे हिमाचल में 20 नवंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ बना रहेगा। हालांकि, रात और सुबह के तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला जमने की स्थिति फसलों और सब्जी उत्पादन पर असर डाल सकती है।

सर्द मौसम के बावजूद शिमला, मनाली, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही में इजाफा हो रहा है। नवंबर के मध्य में होटल बुकिंग और पर्यटक वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

इन जगहों पर रहा न्यूनतम तापमान

शिमला – 8.4°C, सुंदरनगर – 4.6°C, भुंतर – 2.8°C, कल्पा – 0.4°C, धर्मशाला – 8.4°C, ऊना – 8.5°C, नाहन – 8.9°C, केलांग – –3.6°C, सोलन – 3.2°C, मनाली – 1.9°C, कुकुमसेरी – –4.1°C, ताबो – –5.3°C अन्य सभी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।)

ऊना में सबसे अधिक 27.8°C, कई जिलों में दिन में हल्की गर्माहट

जहां रातें सर्द हैं, वहीं दोपहर में कई जगहें हल्की गर्माहट महसूस कर रही हैं। ऊना 27.8°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
शिमला में अधिकतम तापमान 17.4°C, धर्मशाला 23°C और मनाली 15.4°C दर्ज हुआ। बिलासपुर और हमीरपुर में भी अधिकतम तापमान 25°C के करीब रहा।

ये भी पढ़ें: OnePlus 15 के लॉन्च के बाद OnePlus 13R की कीमत में आई बड़ी कटौती, अब हुआ और भी किफायती

सेलानियों से गुलजार हुआ मनाली व रोहतांग

मनाली में सर्दी का रोमांच बढ़ने के साथ ही पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को ही बाहरी राज्यों से करीब 500 पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे। ग्रीन टैक्स बैरियर के अनुसार इस सप्ताह यह संख्या 600 से 700 तक पहुंच चुकी है और वीकेंड में 1,000 वाहनों के करीब पहुंचने की संभावना है।

होटल संचालकों के अनुसार इस समय होटलों की ऑक्यूपेंसी 30 से 50% के बीच बनी हुई है। वोल्वो बसों और टेंपो ट्रैवलर्स की आवाजाही में भी तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि नवंबर का यह समय इस साल सबसे अधिक व्यस्त साबित हो रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें