Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिक्षकों के प्रदर्शन पर रोक लगा सुक्खू सरकार ने दिखाया दोहरा रवैया : जयराम

November 9, 2026

शिक्षकों के प्रदर्शन पर रोक लगा सुक्खू सरकार ने दिखाया दोहरा रवैया : जयराम

Jairam Targets Sukhu Government Over Protest Restrictions : शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिक्षकों के प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने को लेकर सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शनों को लोकतंत्र की खूबसूरती बताती है, लेकिन अपने हक की मांग करने वाले शिक्षकों की आवाज दबाने के लिए प्रतिबंध लगा देती है। जयराम ने इसे सरकार का दोहरा रवैया और तानाशाही करार देते हुए गारंटियां पूरी करने की मांग की। उन्होंने दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर भी दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 

उनके पार्टी प्रभारी और मंत्रियों की उपस्थिति में चुनाव आयोग की संपत्ति क्षतिग्रस्त की जाती है, चुनाव आयोग को ‘कर आयोग’ लिखा जाता है तो उस पर खामोश रहकर समर्थन देते हैं। चुनाव आयोग के कार्यालय में आग लगाने की धमकी जब उनके कार्यकर्ताओं द्वारा दी जाती है तो उसे वह संरक्षण देते हैं। लेकिन जब शिक्षकों द्वारा अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का अंदेशा सरकार को होता है तो वह प्रदर्शन पर रोक लगाने का फरमान जारी कर देती है।

चुनाव आयोग द्वारा करवाए गए चुनाव में सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बनते हैं, उसी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतंत्र की खूबसूरती बताते हैं और सरकार द्वारा किए गए वादे पूरे न किए जाने पर शिक्षकों द्वारा अपने हक के लिए प्रदर्शन करने पर रोक लगाते हैं। व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू सरकार के ये दोहरे मापदंड अब नहीं चल सकते। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से झूठी गारंटियों और वादों के नाम पर वोट चोरी करके कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनाई है, आने वाले दिनों में प्रदेश का हर वर्ग सरकार के खिलाफ होगा।

सरकार को अपनी नाकामी का पूरा एहसास है, इसीलिए मुख्यमंत्री इस तरह के फैसले ले रहे हैं कि प्रदर्शन की आशंका होते ही उस पर रोक लगाने का फरमान जारी कर देते हैं। मुख्यमंत्री इस बात का ध्यान रखें कि उनकी तानाशाही अब चलने वाली नहीं है। सरकार अपनी गारंटियां पूरी करे, अपने वादे निभाए और प्रदेश के लोगों को उनका हक दे। वह लोगों को सड़कों पर आने से रोकने के लिए तानाशाही वाला रास्ता नहीं अपना सकती। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक है। जितनी दुखद यह घटना है, उतने ही विचलित करने वाले इसके कारण भी हैं। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की कामना की। साथ ही उन्होंने घटना में लिप्त लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग कर कानून व्यवस्था के सुदृढ़ करने की मांग की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें