
Vipin Parmar Celebrates Diwali with Party Workers : शिमला। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार ने दीपावली का पर्व पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया। इस दौरान उन्होंने भवारना के मनसिम्बल स्थित विश्वकर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने अपने निवास स्थान पर पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आत्मीयता से स्वागत किया तथा उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। दीपावली के अवसर पर विपिन सिंह परमार ने सुलह विधानसभा क्षेत्र के भवारना स्थित मनसिम्बल के विश्वकर्मा मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रभु के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की उन्नति और लोगों के जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने की कामना भी की। इस अवसर पर विपिन सिंह परमार ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं और ऐसे अवसर समाज के सभी वर्गों को आपसी सौहार्द के साथ जोड़ने का काम करते हैं।
उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक घर-परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का वास हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।