Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में मौसम ने ली एक बार फिर करवट, IMD ने जारी किया अलर्ट, यहां जानें अपडेट

Himachal Weather

Himachal Weather

हिमाचल डेस्कः प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मंगलवार को रोहतांग और बारालाचा दर्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि कुल्लू में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं राजधानी शिमला में दिनभर धूप खिली रही। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश में खराब मौसम की संभावना जताई है। कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।

ये भी पढ़ें :-

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 16 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि मैदानी जिलों में मंगलवार को मौसम साफ रहने और धूप खिलने से ऊना, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

कुल्लू और लाहौल घाटी में लगातार दूसरे दिन भी मौसम खराब बना रहा। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि कुल्लू घाटी में सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। ढालपुर में लगे अस्थायी बाजार में व्यापारियों को बारिश के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वहीं, पांगी के लिए चंबा से रवाना हुई टैक्सियों में सवार आठ लोग सचे जोत में करीब दो घंटे तक फंसे रहे। बाद में लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने टैक्सियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मंगलवार शाम भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जांघी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण पालमपुर-होली-चंबा रूट की एक निजी बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक के हाथ में चोट आई।

उधर, चंबा जिले में सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश के चलते 92 ट्रांसफार्मर बंद हो गए, जिससे करीब 460 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। केलांग में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में 4.3 डिग्री, ताबो में 5.5 डिग्री, कल्पा में 7.6 डिग्री और भरमौर में 6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड फिर बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version