Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Snowfall In Himachal: हिमाचल प्रदेश में बदला मौसम, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की शुरुआत

January 15, 2026

Snowfall In Himachal: हिमाचल प्रदेश में बदला मौसम, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की शुरुआत

हिमाचल डेस्कः प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। दिनभर धूप खिली रहने के बाद वीरवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। बादल छाते ही देर शाम शिंकुला दर्रे सहित लाहुल और मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। बादलों के घिरने से लाहुल और मनाली घाटी में अच्छी बर्फबारी की उम्मीद जगी है।

लंबे समय से हिमपात न होने के कारण पर्यटक, किसान और बागवान चिंतित हैं। बर्फ न गिरने से सर्दियों के मौसम में भी पर्यटक बर्फ के दीदार से वंचित रहे हैं, जिससे पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।

बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार से हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 जनवरी तक प्रदेश में वर्षा और हिमपात हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उच्च पर्वतीय और जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मध्य और निचले पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पर्यटन कारोबारियों की राय

वाहन चालक नरेंद्र और पलजोर ने बताया कि दिन में शिंकुला दर्रे पर धूप खिली रही, जबकि शाम को हल्का हिमपात हुआ। मनाली के पर्यटन कारोबारी रमेश, बलविंदर और रवि ब्यास ने बताया कि जनवरी महीने में पर्यटन कारोबार बेहतर चल रहा है। उनका कहना है कि यदि अच्छी बर्फबारी होती है तो पर्यटन कारोबार को और गति मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें