हिमाचल डेस्कः चंबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत लनोट के लनोट और फगड़ोग गांवों में मलबा और बारिश का पानी घरों में घुसने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, पंगोला नाला के पास मलबा और बड़े पत्थर आने से चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
ये भी पढ़ें :-
फगड़ोग गांव में तानी पुत्र कंठ और नारद पुत्र लछमण के मकानों में भारी मात्रा में मलबा और पानी घुस गया। इस घटना में दोनों परिवारों को नुकसान पहुंचा है। सबसे अधिक क्षति नारद पुत्र लछमण के मकान को हुई है, जहां दीवारों में दरारें भी आ गई हैं, जिससे मकान असुरक्षित हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत लनोट के प्रधान देसराज मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति बनने के बाद अचानक भारी मात्रा में मलबा बहकर आया, जिससे दोनों मकानों को नुकसान पहुंचा। मामले की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
उधर, पंगोला नाला के पास भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इसके चलते 25 से अधिक पंचायतों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। तीसा, सनवाल, बैरागढ़, बौंदेड़ी, खजुआ, बिहाली, देवीकोठी, सेईकोठी और झज्जाकोठी समेत कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहन फंस गए हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले के कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें सड़क बहाल करने और राहत कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें :-