Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 5 HAS अधिकारियों के किए तबादले, 2 के हुए रद्द

September 30, 2024

प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 5 HAS अधिकारियों के किए तबादले, 2 के हुए रद्द

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल सरकार ने 5 हिमाचल प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले किए हैं, जबकि दो एचएएस अधिकारियों के तबादले आदेश रद्द किए गए हैं। मुख्य सचिव ने देर शाम इस संबंध में आदेश जारी किए। सरकार ने शुक्रवार को 29 एचएएस के तबादले भी किए थे। आदेशों के अनुसार नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 2006 बैच के एचएएस मनोज कुमार को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम सोलन के प्रबंध निदेशक का कार्यभार सौंपा गया है।

वह आईएएस अधिकारी अजय कुमार यादव को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगे। मनोज कुमार महिला विकास निगम सोलन के प्रबंध निदेशक पद का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी धर्मशाला एवं 2011 बैच के एचएएस डॉ. हरीश गंजू को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. गंजू को सीएम का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे विशाल शर्मा को उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हरोली, जिला ऊना लगाया गया है। उन्हें राजीव ठाकुर के स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। राजीव ठाकुर कार्मिक विभाग को रिपोर्ट करेंगे। उनकी तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। महाप्रबंधक हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के पद पर स्थानांतरणाधीन संजय कुमार को संयुक्त सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर लगाया गया है।

वह दीप्ति मंढोत्रा ​​को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगे। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे कृष्ण कुमार शर्मा को संयुक्त निदेशक, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चंबा लगाया गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने 27 सितंबर को स्थानांतरित किए गए 29 एचएएस अधिकारियों में से 2 के स्थानांतरण आदेश रद्द कर दिए हैं। राज्य सरकार ने एसडीएम (नागरिक) बाली चौकी अर्शिया शर्मा और एसडीएम राजगढ़ कुलवंत सिंह पोटन के स्थानांतरण आदेश रद्द कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें