
हिमाचल डेस्कः जम्मू-कश्मीर में हिमाचल का जवान शहीद हो गया। दरअसल, राजौरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र में रिवर क्रॉसिंग ट्रेनिंग के दौरान हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ निवासी 26 वर्षीय जवान अक्षित शर्मा लापता हो गए थे, जिनका शव मंगलवार को मिनावर तवी नदी से बरामद हो गया।
ये भी देखें :-
पंजाब रेजिमेंट में सेवारत थे अक्षित
बैजनाथ निवासी 26 वर्षीय अक्षित पंजाब रेजिमेंट में सेवारत थे। अक्षित उस्तेहड़ गांव के निवासी थे और 7 साल से देश सेवा में लगे थे। उनके पिता बैजनाथ शिव मंदिर के पूर्व पुजारी हैं। बैजनाथ में जवान के घर व गांव में इस हादसे की सूचना मिलते ही मातम पसर गया है।
हादसे की पूरी कहानी
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे 9 पंजाब रेजिमेंट के जवान नदी पार करने का अभ्यास कर रहे थे। तभी अक्षित अचानक गहरे पानी में बह गए और लापता हो गए। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिलते ही सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश चली, लेकिन रात तक कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह दोबारा अभियान चलाने पर उनका शव मिला।
परिवार में मातम
बैजनाथ पपरोला नगर परिषद की पूर्व पार्षद कांता देवी ने बताया कि सोमवार शाम को ही हादसे की खबर मिल गई थी। शव अभी जम्मू में है और पार्थिव देह को घर लाने की प्रक्रिया चल रही है। गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
सीएम सुक्खू ने जताया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भी हिमाचल के जवान के बलिदान पर शोक जताया है।
ये भी पढे़ं :-