Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Weather: हिमाचल में सर्दी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सोलन में 13 वर्ष बाद जनवरी की सबसे ठंडी रात

January 9, 2026

Himachal Weather: हिमाचल में सर्दी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सोलन में 13 वर्ष बाद जनवरी की सबसे ठंडी रात

हिमाचल डेस्कः सोलन में 13 वर्ष बाद जनवरी माह की बुधवार रात सबसे ठंडी दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को सोलन में माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था, जो अब तक का जनवरी माह का सबसे कम तापमान है।

वहीं, सुंदरनगर में भी दो वर्ष बाद जनवरी की बुधवार रात अधिक ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 13 स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया। ताबो, कुकुमसेरी, कल्पा, सुंदरनगर, भुंतर, सोलन, पालमपुर, मनाली, कुफरी, नारकंडा, रिकांगपिओ, सेऊबाग और बजौरा में तापमान माइनस में दर्ज किया गया। वहीं मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, पालमपुर और बरठीं में शीतलहर चली।

ये भी देखें :- फरीदाबाद में देखें क्यों हो रही है Ambulance की चेकिंग, देखें वीडियो

हिमाचल में एक से दो डिग्री तक गिरा तापमान

तापमान में गिरावट के कारण पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड के तेवर और कड़े हो गए हैं। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पांवटा साहिब, कुकुमसेरी और पालमपुर में दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा। पालमपुर का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि प्रदेश में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

10 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट

हालांकि दिन के समय तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। नारकंडा में अधिकतम तापमान 4.1 डिग्री और ऊना में 2.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। मौसम विभाग ने 9 और 10 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और ऊना जिलों में शीतलहर के साथ घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में 14 जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड और बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें :- क्या आपके मोबाइल में है नेटवर्क की दिक्कत? तो आजमाएं ये 5 स्मार्ट ट्रिक्स

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें