Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल की बेटी सपना ठाकुर ने जीता एशियाई सावाते चैंपियनशिप में स्वर्ण

May 5, 2026

हिमाचल की बेटी सपना ठाकुर ने जीता एशियाई सावाते चैंपियनशिप में स्वर्ण

मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बेटी सपना ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देवभूमि का नाम रोशन किया है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 7वीं एशियाई सावाते (फ्रेंच किकबॉक्सिंग) चैंपियनशिप 2026 में सपना ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। सपना ठाकुर, जिन्हें सपना कुमारी के नाम से भी जाना जाता है, मंडी जिला के सधेड़ा गांव (डाकघर सिध्याणी) की निवासी हैं।

उन्होंने महिलाओं के 75+ किलोग्राम (सीनियर वर्ग) में यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 अप्रैल से 3 मई 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। सपना की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ-साथ भारतीय महिला टीम की कोच एवं हिमाचल सावाते एसोसिएशन की महासचिव संतोषी देवी का मार्गदर्शन अहम रहा। उनके नेतृत्व में सपना ने यह मुकाम हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

उल्लेखनीय है कि मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित हिमाचल के 10 खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। सपना की इस उपलब्धि से उनके गांव सधेड़ा सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। सपना ठाकुर की यह जीत इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी यदि सही दिशा और अवसर मिले तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम ऊंचा कर सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें