Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में सरकारी क्षेत्र का पहला सीबीएसई स्कूल ऊना में

June 17, 2025

हिमाचल में सरकारी क्षेत्र का पहला सीबीएसई स्कूल ऊना में

ऊना : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल सरकार राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में आमूलचूल परिवर्तन कर रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा के लिए स्कूल और कॉलेज शिक्षा के अलग-अलग निदेशालय बनाए गए हैं, जो एक निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने उनसे स्कूल में सीबीएसई शुरू करने की मांग की है। जिस पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले शिक्षा सत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला ऊना को को-एजुकेशन बनाया जाएगा और यहां सीबीएसई पैटर्न की कक्षाएं शुरू की जाएंगी ताकि बच्चों को अच्छी से अच्छी प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा मुहैया हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा को वर्तमान जरूरतों के हिसाब से अद्यतन बनाने और बच्चों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए राज्य में प्राइमरी स्तर से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। बच्चों को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने के लिए 500 विशेषज्ञ अध्यापकों की भर्ती की जा रही है। हमारा प्रयास है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे नए समय के हिसाब से जरूरी स्किल सीखें। वे इंग्लिश भाषा में पारंगत हों। इसके अलावा टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल और नॉन मेडिकल की 961 भर्तियां की जा रही हैं। वहीं हम जेबीटी की 600 भर्तियां भी जल्द निकालने जा रहे हैं।

उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने चुनावी लाभ के लिए इलेक्शन के समय 600 नए शिक्षण संस्थान खोले थे, लेकिन उनमें शिक्षकों की तैनाती तक नहीं की गई थी, जिससे संसाधनों का दुरुपयोग हुआ। वर्तमान सरकार इन संस्थानों का युक्तिकरण कर रही है ताकि शिक्षा व्यवस्था को व्यावहारिक और सशक्त बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोडिर्ंग स्कूलों की स्थापना कर रही है। इसके लिए इस साल 200 करोड़ का प्रावधान रखा है। आने वाले दिनों में ये अत्याधुनिक संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से आत्मविश्वासी युवाओं के निर्माण में सहायक हों। इन स्कूलों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई होगी और इन्हें सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर गगरेट विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, राज्य एसी आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा व अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्र, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, ऊना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सोहड़, कांग्रेस नेता अविनाश कपिला, संजीव कंवर, बाबा अमरजोत बेदी, उर्मिला शर्मा, सीमा सोहड़, शिव सैनी, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार एवं माध्यमिक शिक्षा सोम लाल, सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : Today Weather Update: आंधी-तूफान और बारिश… इन 22 राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट; पढ़ें मौसम अपडेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें