शिमला: मार्च के अंतिम दिनों में हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह से ही प्रदेश के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी शुरू हो गई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने लोगों को फिर से सर्दी का अहसास करा दिया। राजधानी शिमला सहित कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली के आसपास अटल टनल रोहतांग, रोहतांग दर्रा, सोलंगनाला और लाहौल घाटी के कई इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है।
इसके अलावा किन्नौर और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने से पहाड़ सफेद चादर से ढक गए हैं। बर्फबारी के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी है। फिलहाल सैलानियों को सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति दी गई है। उसके आगे केवल मजबूत चार पहिया वाहनों को ही अटल टनल की ओर जाने दिया जा रहा है। दोपहिया वाहनों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों और सैलानियों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्र से बचने की अपील की है।
बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, जिसके चलते सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह में हुई इस बर्फबारी से एक बार फिर प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। हालांकि पर्यटन कारोबारियों के लिए यह बर्फबारी राहत लेकर आई है। पर्यटन से जुड़े लोगों का कहना है कि ताजा बर्फबारी से अप्रैल में पर्यटन सीजन को बढ़ावा मिलेगा और सैलानियों की संया बढ़ने की उम्मीद है। बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाएं चलने लगीं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...