Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमफेड के निदेशक मंडल की बैठक आयोजित, नए व्यावसायिक उपक्रमों पर चर्चा

October 9, 2026

हिमफेड के निदेशक मंडल की बैठक आयोजित, नए व्यावसायिक उपक्रमों पर चर्चा

शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ मर्यादित (हिमफेड) के निदेशक मंडल की बैठक आज माननीय अध्यक्ष महेश्वर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में प्रबंध निदेशक, हिमफेड ने माननीय अध्यक्ष महेश्वर चौहान का स्वागत किया। इसके उपरांत माननीय अध्यक्ष ने निदेशक मंडल के सभी सदस्यों का स्वागत किया।

बैठक में पूर्व निदेशक मंडल की बैठकों में लिए गए निर्णयों के संबंध में कार्रवाई रिपोर्ट (Action Taken Report) प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त, हिमफेड के नियमित कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न कार्यसूची मदों पर विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक अनुमोदन प्रदान किए गए।

बैठक के दौरान प्रदेश में हिमफेड द्वारा किए जा रहे उर्वरक बिक्री कार्यों की समीक्षा की गई। निदेशक मंडल ने उर्वरकों की बिक्री को बढ़ावा देने तथा किसानों तक कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। इस अवसर पर निदेशक मंडल के सदस्यों ने माननीय अध्यक्ष महेश्वर चौहान द्वारा हिमफेड के विकास, सुदृढ़ीकरण एवं व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

हिमफेड के व्यवसाय में विविधता लाने तथा आय के नए स्रोत विकसित करने के उद्देश्य से बैठक में नगरोटा बगवां में शहद प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस परियोजना के माध्यम से शहद के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

इसके अतिरिक्त, संस्था की व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करने के लिए नए पेट्रोल पंप स्थापित करने की संभावनाओं एवं व्यवहार्यता का आकलन करने संबंधी प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। इस पहल का उद्देश्य हिमफेड के व्यवसाय को और अधिक व्यापक बनाना तथा आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करना है।

बैठक में जिला ऊना के हरोली में नए उर्वरक बिक्री केंद्र को तत्काल प्रभाव से शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में सुविधा मिलेगी तथा कृषि संबंधी आवश्यकताओं की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता प्राप्त होगी।

बैठक में हिमफेड की मौजूदा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने, नए व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने तथा किसानों एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया गया। निदेशक मंडल ने संस्था के कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य में व्यावसायिक विस्तार की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें