HP Panchayat Election: हिमाचल की 1293 पंचायतों में वोटिंग जारी, कुल्लू में कर्मी ड्यूटी से गायब
May 26, 2026
हिमाचल डेस्कः प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। प्रदेश की 3,754 पंचायतों में से 1,293 पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान का समय दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है, हालांकि 3 बजे तक कतार में खड़े मतदाताओं को वोट डालने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अपडेट्स:
-
शिमला जिले के रामपुर की नरेल पंचायत के ब्रांगटी वार्ड में स्वास्तिक चिन्ह की जगह नोट की मुहर लगने के कारण चुनाव रोक दिया गया। अब वहां पुनर्मतदान होगा। 134 वोट पहले ही पड़ चुके थे। पीठासीन अधिकारी पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
-
कुल्लू में एक कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित पाया गया है। उससे लिखित जवाब मांगा गया है।
-
मतदान प्रतिशत में सोलन सबसे आगे रहा, जहां 43.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद Sirmaur में 42.93 प्रतिशत मतदान हुआ। Una में भी 41 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज हुआ। दूसरी ओर चंबा और लाहुल-स्पीति में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा।
-
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दौरान सुबह 11 बजे तक प्रदेश में कुल 40% मतदान दर्ज हुआ। अब तक 7,15,511 मतदाता वोट डाल चुके हैं। महिलाओं की भागीदारी 41.96 प्रतिशत रही, जो पुरुषों 36.72 प्रतिशत से अधिक है।
-
मंडी जिले में सुबह 11 बजे तक 40 प्रतिशत मतदान हुआ। करसोग क्षेत्र में बीडीसी उम्मीदवार का नाम बैलेट पेपर में न होने के कारण थाच थर्मी, बरलोग और महेदी पंचायतों में चुनाव स्थगित कर दिया गया।
-
सुबह 9:45 बजे तक पूरे प्रदेश में 18.65 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था। उस समय सिरमौर जिला 20.22 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे था।
-
मंडी की गौंटा पंचायत में 103 वर्षीय श्यामी देवी और Kangra जिले की बंड बिहार पंचायत में 103 वर्षीय सैना देवी ने मतदान कर लोकतंत्र में भागीदारी निभाई। ग्रामीणों ने उनका सम्मान भी किया।
-
जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में पहले चरण में 17 पंचायतों में सुबह लगभग पौने 10 बजे तक 14.21 प्रतिशत मतदान हुआ।
-
पंचायत चुनाव में कुल 31,182 पदों में से 20,327 पदों के लिए मतदान होना है, जबकि 10,854 पदों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव हो चुका है।
-
मंडी में एक वार्ड सदस्य का चुनाव प्रत्याशी के निधन के कारण रद कर दिया गया है।