
हिमाचल डेस्कः प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के प्रचार कल समाप्त हो जाएंगे। उसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर ही जनसंपर्क कर सकेंगे। पहले चरण में 26 मई को प्रदेश की 1,280 पंचायतों में मतदान निर्धारित है। चुनाव को निष्पक्ष और सुचारू रूप से कराने के लिए प्रशासन तैयार है। शनिवार और सोमवार को पोलिंग पार्टियों की अंतिम रिहर्सल होगी और इसके तुरंत बाद सभी टीमों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
ये भी पढे़ं :-
मतदान के दिन ही प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड पंच पदों की मतगणना कर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। पहले चरण के बाद अगले दौर की तिथियाँ भी घोषित हैं: दूसरे चरण में 28 मई को 1,258 पंचायतों में मतदान होगा और तीसरे व अंतिम चरण में 30 मई को 1,170 पंचायतों में मतदान संपन्न होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
इस बार पंचायत चुनावों में युवा मतदाता अहम भूमिका निभाएंगे। 52,349 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जो कुल मतदाताओं का 1.03% है। कुल मिलाकर प्रदेश में 50,79,048 मतदाता पंचायत चुनाव में भाग लेंगे। इनमें पुरुष मतदाता महिलाओं से अधिक हैं।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा सबसे बड़ा चुनावी जिला है, जहाँ लगभग 11.90 लाख मतदाता हैं, जबकि लाहौल-स्पीति में 25,882 मतदाता हैं। ग्राम पंचायतों में पांवटा साहिब की भाटावाली पंचायत में सबसे अधिक 4,623 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि पूह की सुमरा पंचायत में केवल 178 मतदाता हैं। भाटावाली पंचायत के एक वार्ड में 723 मतदाता दर्ज हैं, जबकि विकास खंड मैहला की करियां पंचायत के वार्ड नंबर-8 में केवल 17 मतदाता पंजीकृत हैं।
ये भी पढे़ं :-