Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

HRTC बस हुई हादसे की शिकार… अचानक खुले टायर, 13 यात्री थे सवार

February 12, 2025

HRTC बस हुई हादसे की शिकार… अचानक खुले टायर, 13 यात्री थे सवार

रामपुर बुशहर (मीनाक्षी) : हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रियों को काफी मुश्किल हो गया है। लगातार बसों में अनियमितता पाई जा रही है। गुणवत्ता के आधार पर कार्य नहीं होने के कारण बसें लगातार आधे रास्ते में हांफ रही है। ऐसे में कई बसें दुर्घटना का शिकार भी हो रही है। ऐसा ही एक मामला आज रामपुर से आनी जाने वाली बस में सामने आया है।

उक्त बस जब अपने गंतव्य पर जा रही थी तो उसके पिछले दोनों पहिए अचानक अलग हो गए। इस दौरान बस में चालक तेज सिंह और परिचालक मनीत सिंह के अलावा करीब 13 यात्री सवार थे। चालक की सतर्कता और सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

जानकारी के अनुसार एचआरटीसी रामपुर डिपो की यह बस रामपुर से आनी जा रही। जैसे ही सुबह करीब 9 बजे बस निमला क्षेत्र के पास पहुंची तो अचानक तेज आवाज के साथ बस के पिछले 2 पहिए अलग हो गए। इस दौरान बस में बैठे यात्री घबरा गए और उनमें अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने डर के मारे जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, लेकिन चालक ने पूरी सतर्कता बरतते हुए बस को नियंत्रित कर लिया और सड़क के किनारे रोक दिया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

वहीं जब बस के पहिए अलग हुए तो सामने से बाइक पर बच्चों सहित आ रहा दंपति भी उनकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। इस घटना ने एचआरटीसी की बसों की मैंटेनैंस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना था कि अगर बसों का सही समय पर निरीक्षण किया जाए तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है। कुछ यात्रियों ने तो यह तक कहा कि अगर बस तेज गति में होती तो आज यहां एक बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने एचआरटीसी प्रशासन से मांग की है कि इस लापरवाही की जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। वहीं, एचआरटीसी आनी के असिस्टैंट तरसेम सिंह ने बताया  कहा कि बसों की नियमित जांच की जाती है, लेकिन इस मामले में क्या चूक हुई, इसकी जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें :- राहुल गांधी पर दोहरी नागरिकता मामले में FIR का आदेश, जांच CBI को सौंपी गई 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें