Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

धर्मपुर में 1,137 बीपीएल परिवारों को योजनाओं की जानकारी, जल्द शुरू होगा नौवां चरण

August 13, 2026

धर्मपुर में 1,137 बीपीएल परिवारों को योजनाओं की जानकारी, जल्द शुरू होगा नौवां चरण

धर्मपुर। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सज्जाओ व धाडता क्षेत्र के दौरे के दौरान विधायक चंद्रशेखर ने आज आंबेडकर भवन, सज्जाओ पीपलू में ग्रामीण विकास विभाग के खंड विकास कार्यालय द्वारा आयोजित एक दिवसीय जागरूकता शिविर में भाग लिया। शिविर का आयोजन सज्जाओ व धाडता क्षेत्र की 18 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए किया गया।

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा धर्मपुर विकास खंड की 58 पंचायतों को तीन खंडों में विभाजित कर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को योजनाओं की जानकारी के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता को कम करना तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है।

शिविर में पात्र परिवारों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं सवाल भी सुने और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में उपलब्ध करवाएं तथा पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के आठ चरणों में सज्जाओ व धाडता क्षेत्र की 18 पंचायतों के 1,137 परिवारों का चयन किया गया है, जबकि धर्मपुर विकास खंड की 58 पंचायतों के कुल 4,624 परिवार इससे लाभान्वित हुए हैं।

विधायक ने कहा कि जो पात्र परिवार अब तक योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं, उनके लिए जल्द ही नौवां चरण शुरू किया जाएगा। ऐसे पात्र परिवार अपने आवेदन संबंधित पंचायत सचिव के पास जमा करवाकर योजना में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से सहकारिता के क्षेत्र से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ उठाकर लोग आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें और अपने परिवार के सुदृढ़ एवं सुरक्षित भविष्य का निर्माण करें। शिविर में सज्जाओ व धाडता क्षेत्र की 18 पंचायतों से आए बीपीएल परिवारों के लाभार्थियों के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: मंडी (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें