Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिस पार्टी की स्थापना पर कुछ लोग करते थे परिहास, आज उसका एक साधारण कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री: जयराम ठाकुर

October 7, 2026

जिस पार्टी की स्थापना पर कुछ लोग करते थे परिहास, आज उसका एक साधारण कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री: जयराम ठाकुर

शिमलाः जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ को जीवन का ध्येय बनाकर देश की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासनिक सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर सार्वजनिक सेवा की शुरुआत करने वाले नरेंद्र मोदी का यह गौरवशाली सफर वर्ष 2014 से भारत के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर जारी है। उनके इस अटूट जनसमर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को हम नमन करते हैं।

एक तरफ ऐसा कर्मयोगी है जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने काम में लगा है और दूसरी तरफ एक ऐसा दल है जो देश में अराजकता का माहौल खड़ा कर एक परिवार को सत्ता दिलाने के लिए लालायित है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को कुल्लू में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल होकर सेवा ज्योति प्रज्वलित करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाए। इससे पूर्व उनका यहां पहुंचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया और उन्होंने सबके साथ प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव सुना।

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को बधाई देते हुए कहा कि सेवा ज्योति यात्रा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के अनवरत 25 वर्षों के सेवा काल का प्रतीक है और उनका संकल्प देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के सभी देवी-देवताओं से हमारी प्रार्थना है कि सेवा की यह ज्योति सदैव प्रज्वलित रहकर जनकल्याण का मार्ग प्रकाशित करती रहे ऐसा आशीर्वाद उन्हें प्रधान करें। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय था जब पार्टी की स्थापना पर कुछ लोग परिहास करते थे, लेकिन आज उसी पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता, जिसने कभी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा नहीं जताई और केवल संगठन के प्रति समर्पित रहा, दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बन चुका है।

आज एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के रूप में उनका सबसे लंबा कार्यकाल है और गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल तक यह 25 वर्षों का लंबा सफर पूर्ण हो चुका है। उनके सशक्त और मजबूत नेतृत्व के कारण ही आज देश में वो असंभव कार्य संभव हो रहे हैं जिनकी कभी केवल कल्पना की जाती थी, जैसे जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का समाप्त होना, सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण व प्राण प्रतिष्ठा, देश से आतंकवाद का दफन और नक्सलवाद का सफाया।

वैश्विक मंच पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाने के साथ-साथ देश मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब बनता जा रहा है और आर्थिक मोर्चे पर भारत 2014 के 11वें स्थान से छलांग लगाकर मात्र 12 वर्षों में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ शुरू हुआ यह कारवां वर्ष 2047 तक भारत को एक आत्मनिर्भर और पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अग्रसर है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हम सभी उन्हें आने वाले अगले 25 वर्षों तक देश का नेतृत्व करते हुए देखना चाहते हैं।

कुल्लू में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में सांसद कंगना रनौत, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, विधायक सुरेंद्र शौरी, लोकेंद्र कुमार, दीपराज, जिलाध्यक्ष अमित सूद, सह प्रभारी प्रियंता शर्मा, पूर्व प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, अखिलेश कपूर और जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें