Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंडी में बोले जयराम ठाकुर, निराशाजनक रहा सुक्खू सरकार का नौ माह का कार्यकाल

September 11, 2023

मंडी में बोले जयराम ठाकुर, निराशाजनक रहा सुक्खू  सरकार का नौ माह का कार्यकाल

मंडी/नेरचौक : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदर और बल्ह विधानसभा क्षेत्र में नवगठित भाजपा कार्यकारिणी के सम्मान समारोह में शिरकत की और पदाधिकारियों को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस मौके उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में पद नहीं दायित्व दिया जाता है जबकि कांग्रेस में सैंकड़ों पदाधिकारी बना दिए जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी निष्ठा, समर्पणभाव, राष्ट्रवाद संस्कृति व संस्कार से चलने वाली पार्टी है। भाजपा ही देश का एकमात्र राजनीतिक दल है जो छोटे कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपता है। मुझे विश्वास है कि मंडी सदर और बल्ह भाजपा मंडल की नवनियुक्त कार्यकारिणी संगठन की मजबूती के लिए समर्पणभाव से कार्य करेगी। भारतीय जनता पार्टी एक व्यवस्था के मुताबिक चलती है जिस कारण आज ये दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के तय कार्यक्रम के तहत एक से 15 सितंबर तक लोगों के घर-घर जाकर मिट्टी संग्रह, 18 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, 19 से 22 सितंबर तक आयुष्मान भारत कार्ड बनाने, 22 और 23 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर लगाए जायेंगे जबकि 24 को देश के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री जी के “मन की बात” कार्यक्रम सुनी जाएगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती मनाई जाएगी और दलित बस्ती में कार्यक्रम होंगे। दो अक्टूबर तक बूथ सशक्तिकरण अभियान चलेगा। 2 अक्टूबर को ही गांधी जयंती पर पहले जी तरह सफाई कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि दो ऐतिहासिक कार्य इस माह हुए हैं। चांद पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग और जी-20 के कार्यक्रम देश में हुए हैं। दोनों में ही दुनिया ने भारत और हमारे प्रधानमंत्री की ताकत देखी है जिसे हमें गांव गांव तक अपने कार्यकर्ताओं के बीच ले जाना है। साथ ही एक आभार प्रस्ताव पास कर हर मंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भेजना है।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का नौ महीने का ये कार्यकाल अत्यंत निराशाजनक है। सरकार की लोकप्रियता रसातल में चली गई है। आज प्रदेश सरकार का नौ माह का कार्यकाल पूरा हुआ है लेकिन इन नौ माह में प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। चार माह तक प्रदेश सरकार पैसे की कमी व ऋण का रोना रोती रही। अब त्रासदी के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। प्रदेश में हर ओर अव्यवस्था का आलम है। अपनी कमजोरी छिपाने के लिए प्रदेश सरकार अब ठीकरा केंद्र पर फोड़ रही है। सोमवार को मंडी में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। अधिकारी आपस में लड़ रहे हैं और मंत्री एक दूसरे के खिलाफ सरेआम बोल रहे हैं। नौ माह में एक भी योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। संस्थान बंद करने के सिवाए प्रदेश सरकार के नाम कोई उपलब्धि नहीं है। संस्थान बंद करने की दुर्भावना ऐसी कि अब यूनिवर्सिटी तक बंद की जा रही है। अगर बस की बात नहीं है तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सरकार चलाने का दावा न करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास के लिए ड्रग व मेडिकल डिवाइस पार्क लाई थी जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलना है। कांग्रेस सरकार ने बिजली की दर में वृद्धि कर यहां से उद्योगों को पलायन करने पर मजबूर कर दिया है। विधानसभा के सत्र में भाजपा सरकार को घेरेगी। मंडी व कांगड़ा जिले के साथ किया जा रहा भेदभाव सहन नहीं होगा। राजनीतिक द्वेष के चलते सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी का दायरा कम किया गया जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा और जल्द बड़ा आंदोलन शुरू होगा। आधारभूत ढांचे का बहाना बनाने वाले मुख्यमंत्री सुक्खू को यह नहीं भूलना चाहिए कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय पटवार भवन में कॉलेज खोल दिए गए, जबकि मंडी में पहले से क्लस्टर यूनिवर्सिटी चल रही थी।

उन्होंने कहा कि तीन संस्थानों पर करोड़ों की लागत से भवन बने हुए थे। इस अवसर पर मंडी में विधायक अनिल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, मंडलाध्यक्ष मनीष कपूर, बल्ह में विधायक इंद्र सिंह गांधी, मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, महामंत्री सोमेश उपाध्याय, संजय ठाकुर, मंडल अध्यक्ष बल्ह राजेंद्र राणा, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा भी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें