Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

देशभक्ति के रंग में रंगा जवाहर पार्क, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

August 15, 2026

देशभक्ति के रंग में रंगा जवाहर पार्क, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

मंडी: उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह जवाहर पार्क सुंदरनगर में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ परेड का निरीक्षण किया। हिमाचल प्रदेश पुलिस, भूतपूर्व सैनिकों तथा सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों की 17 टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्यातिथि को सलामी दी। इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने ‘स्वच्छ हवा व नशामुक्त सुंदरनगर’ अभियान का शुभारंभ किया तथा पत्रिका का विमोचन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम अमर नेगी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद करवाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने सुंदरनगर को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए सभी लोगों से सहयोग का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, ब्रह्माकुमारीज तथा नन्हे कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया गया।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों की वीरांगनाओं, भूतपूर्व सैनिकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजन, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

📍 Location: मंडी (मंडी)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें