Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

जुन्गा अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं, अगले साल CBSE से जुड़ेगा सरकारी स्कूल

October 22, 2026

जुन्गा अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं, अगले साल CBSE से जुड़ेगा सरकारी स्कूल

Junga Hospital to Get Better Healthcare Facilities :  शिमला। जुन्गा के तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने शिरकत करते हुए क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर अहम घोषणाएं कीं।

उन्होंने बताया कि जुन्गा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन, ब्लड बैंक, लिफ्ट, आधुनिक ओपीडी और पब्लिक हेल्थ यूनिट जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास भी जारी हैं। मंत्री ने क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र की लंबे समय से चली आ रही मांग जल्द पूरी करने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि आगामी वर्ष से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुन्गा को CBSE बोर्ड के अधीन किया जाएगा। दशहरा महोत्सव में कबड्डी, कुश्ती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

जुन्गा अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार* ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल पर जुन्गा अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार के लिए शिमला न जाना पड़े। वर्ष 2026 में अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने, ब्लड बैंक शुरू करने, लिफ्ट की समस्या का समाधान करने तथा आधुनिक उपकरणों से युक्त ओपीडी और पब्लिक हेल्थ यूनिट जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए प्रयास जारी* उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रक्रिया जारी है और तकनीकी कर्मचारियों की कमी को दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने में समय लग सकता है, लेकिन सरकार का प्रयास है कि जुन्गा अस्पताल को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विकसित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा संस्थानों में आधुनिक तकनीक और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। शिमला स्थित अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना, आईजीएमसी शिमला, टांडा तथा हमीरपुर सहित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में आधुनिक उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में जुन्गा अस्पताल में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ कर स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीण विकास मंत्री ने जुन्गा क्षेत्र के लोगों की लम्बे समय से चली आ रही अग्निशमन केंद्र की मांग पर आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस मांग को पूरा किया जाएगा। उन्होंने इस कार्य के लिए स्थानीय प्रतिनिधियों से भूमि उपलब्ध रखने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त आगामी वर्ष से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुन्गा को सी.बी.एस.ई बोर्ड के अधीन कर दिया जाएगा। तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित खेल कूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया। आयोजित खेल कूद प्रतियोगिताओं के तहत कबड्डी व कुश्ती मुख्य आकर्षण रही जिसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली के खिलाड़ियों व पहलवानों ने भाग लिया। इसी प्रकार सांस्कृतिक गतिविधियों में स्टार नाइट भी आयोजित की गई है हिमाचली स्टार कलाकारों द्वारा लोगों को अपनी प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें