Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांगड़ा में सनसनी: वॉल्वो बस पर थार सवार बदमाशों ने किया हमला, चालक-परिचालक समेत 4 लोग घायल

April 9, 2026

कांगड़ा में सनसनी: वॉल्वो बस पर थार सवार बदमाशों ने किया हमला, चालक-परिचालक समेत 4 लोग घायल

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के कांगड़ा जिले में बुधवार रात एक वॉल्वो बस पर महिंद्रा थार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने हवाई फायरिंग और चाकू से हमला किया। इस हमले में बस चालक, परिचालक समेत चार लोग घायल हो गए।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, कांगड़ा जिले के भवारना थाना क्षेत्र के तहत थुरल के पास बैरघट्टा में बुधवार देर रात यह घटना हुई। बीड़ से दिल्ली जा रही एक निजी वॉल्वो बस को रास्ता न देने के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक को लेकर बस स्टाफ और थार सवार युवकों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्साए बदमाशों ने बस को रुकवाया और चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने दहशत फैलाने के लिए हवा में गोलियां भी चलाईं।

हमले में घायल लोगों की पहचान

इस हमले में बस चालक सुंदर सिंह (मंडी), राज कुमार (कांगड़ा), विजय कुमार (मंडी) और परिचालक प्रवेश कुमार (कांगड़ा) घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल राज कुमार और विजय कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थुरल चौकी और भवारना थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा थार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से हमले में इस्तेमाल चाकू और पिस्टल भी बरामद कर ली, जिससे हवाई फायरिंग की गई थी।

आरोपियों की पहचान

चंबा निवासी परिचालक अविनाश के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान पठानकोट निवासी बलविंदर सिंह और अलीश, तथा होशियारपुर निवासी निशान पाल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों की गाड़ी से नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें