हिमाचल प्रदेश डेस्क: कसौली दुष्कर्म मामले में हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल को वीरवार को कसौली कोर्ट से राहत मिली। कोर्ट ने कसौली पुलिस द्वारा दाखिल की गई कैंसिलेशन रिपोर्ट (सीआर) को स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई बंद कर दी।
यह जानकारी सहायक जिला न्यायवादी विकास शर्मा ने दी। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2024 में दिल्ली निवासी एक महिला ने पुलिस थाना कसौली में मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, जुलाई 2023 में वह अपनी सहेली और बॉस अमित बिंदल के साथ कसौली घूमने आई थी।
ये भी देखें :- डिप्टी डायरेक्टर की अपील: छुट्टियों में मोबाइल से दूर रहें बच्चे
मॉडल बनाने का दिया झांसा
शिकायत में बताया गया था कि इस दौरान उनकी मुलाकात मोहन लाल बड़ौली और रॉकी मित्तल से हुई। आरोप है कि दोनों ने उसे अपने कमरे में बुलाया और नौकरी दिलाने व मॉडल बनाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना की शिकायत करीब डेढ़ साल बाद दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के साथ होटल जाकर मौके की जांच भी की थी। जांच के बाद पुलिस ने फरवरी 2025 में कोर्ट में कैंसिलेशन रिपोर्ट दाखिल की। इस पर कसौली कोर्ट में दो बार सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के पेश न होने के कारण मामला बंद कर दिया गया।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने जिला एवं सत्र न्यायालय, सोलन में कैंसिलेशन रिपोर्ट को चुनौती दी थी, लेकिन अब कसौली कोर्ट द्वारा सीआर स्वीकार किए जाने के साथ ही मामले की सुनवाई समाप्त कर दी गई है।
ये भी पढ़ें :- रिलीज से पहले ही ‘द राजा साब’ ने दिल जीते, देखो फैंस का अनोखा जश्न