कसोल: हिमाचल प्रदेश में दिवाली की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं जब प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आगजनी की घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मणिकरण घाटी के लोकप्रिय पर्यटन स्थल कसोल में एक होटल में आग लग गई, वहीं शिमला के बनूटी और चम्बा जिले के सलौनी क्षेत्र में भी दुकानों में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ।
कसोल में होटल की ऊपरी मंजिल खाक, पर्यटक सुरक्षित
दिवाली की रात कसोल स्थित एक बहुमंजिला होटल की ऊपरी मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। होटल में ठहरे पर्यटक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन दुर्गम पहाड़ी रास्तों के चलते दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुँचने में बाधाएँ आईं। इसके बावजूद दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में होटल का फैमिली सुइट, एक हॉल, दो स्टोर रूम सहित कई कीमती वस्तुएँ जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक जांच के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बनूटी में तीन दुकानें जलीं, 20 लाख से अधिक का अनुमानित नुकसान
शिमला ग्रामीण के बनूटी क्षेत्र में भी दिवाली की रात कोषण बन गई। तड़के करीब 3:30 बजे एक इमारत में आग लग गई, जिसमें स्थित तीन दुकानें पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गईं। घटनास्थल पर बालूगंज फायर स्टेशन से पहुँची तीन दमकल गाड़ियों और करीब 15 दमकलकर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया।
इस इमारत के मालिक मोती लाल बताए जा रहे हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, लेकिन प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें: ये है हिमाचल का ‘शापित गांव’, जहां आज तक नहीं मनाई गई दीपावली, जानें कारण
सलौनी में इलेक्ट्रिक शॉप में आग, पड़ोसी दुकानों को भी नुकसान
चम्बा जिले के सलौनी में सोमवार रात एक बिजली की दुकान में भीषण आग लग गई। करेर पंचायत के अंतर्गत आने वाली इस दुकान के मालिक अरुण शारदा को घटना की जानकारी पड़ोसियों ने दी, जब उन्होंने दुकान से धुआँ निकलते देखा।
दमकल विभाग के अनुसार, आग संभवतः शॉर्ट सर्किट से लगी। साथ में स्थित कपड़ों और ज्वैलरी की दुकानों को भी आंशिक क्षति हुई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यहाँ भी लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई है।
अधिकारियों की अपील: सुरक्षा के लिए सावधानी ज़रूरी
इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अग्नि सुरक्षा से जुड़ी सभी सावधानियाँ बरतें, विशेषकर त्योहारों के मौसम में जब पटाखे, लाइट्स और बिजली उपकरणों का उपयोग बढ़ जाता है।

