Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kinnaur Kailash Yatra: दो दिन बाद फिर शुरू हुई किन्नौर कैलाश यात्रा, तंगलिंग बेस कैंप से 375 श्रद्धालु रवाना

August 10, 2026

Kinnaur Kailash Yatra: दो दिन बाद फिर शुरू हुई किन्नौर कैलाश यात्रा, तंगलिंग बेस कैंप से 375 श्रद्धालु रवाना

हिमाचलः खराब मौसम और मार्ग की स्थिति के कारण दो दिन तक स्थगित रही किन्नौर कैलाश यात्रा रविवार को फिर शुरू हो गई। यात्रा दोबारा शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु तंगलिंग बेस कैंप पहुंच गए। प्रशासन ने पंजीकरण, मेडिकल जांच और पर्यावरण शुल्क की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 375 श्रद्धालुओं को किन्नौर कैलाश यात्रा के लिए रवाना किया।

अब 15 अगस्त तक चलेगी यात्रा

प्रशासन के अनुसार, 30 जुलाई से आधिकारिक रूप से शुरू हुई किन्नौर कैलाश यात्रा में अब तक करीब 2,500 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा संचालन की अवधि बढ़ा दी है। पहले यात्रा 10 अगस्त तक प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे 15 अगस्त तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

ऑनलाइन पंजीकरण में तकनीकी खामी

11 से 14 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण के लिए रविवार दोपहर दो बजे पोर्टल शुरू किया गया था, लेकिन तकनीकी खामी के कारण श्रद्धालु ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सके। ऐसे में तंगलिंग बेस कैंप पर हर सुबह ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन जरूरत पड़ने पर यात्रा को अस्थायी रूप से रोक सकता है।

मलिंग खट्टा से यात्रा पर रात 11 बजे होगा फैसला

यात्रा के दूसरे बेस कैंप मलिंग खट्टा (गणेश बाग) से श्रद्धालुओं को अगले दिन रवाना किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला प्रतिदिन रात 11 बजे लिया जाएगा। गणेश गुफा और मलिंग खट्टा में तैनात टीमें गुफा के समीप नाले के जलस्तर और यात्रा मार्ग की स्थिति का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद अगले दिन यात्रा संचालित करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

जलस्तर बढ़ने से दो दिन स्थगित रही यात्रा

गुफा के समीप नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण ही पिछले दो दिनों से यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम खराब होने या मार्ग असुरक्षित पाए जाने पर यात्रा को दोबारा अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।

दो दिन बाद यात्रा को दोबारा शुरूः एसडीएम

किन्नौर कैलाश यात्रा संचालन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि दो दिन बाद यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीमें मौसम, जलस्तर और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें