कुल्लूः देशभर में बीते कुछ समय से खाद्य पदार्थों में हो रही महंगाई के विरोध में जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी के द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान देश में चीनी, प्याज, गैस सिलेंडर, पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया।
वहीं, प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि देश में आज महंगाई की मार से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित है। रसोई से लेकर कारोबार तक हर क्षेत्र में लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

चीनी के बढ़ते दामों के साथ पेट्रोल-डीजल की कीमतों का असर भी सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय राजनीतिक मुद्दों में उलझी हुई है। कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
सेस राम ने कहा कि अब जनता भाजपा के दोहरे चरित्र को अच्छी तरह से समझ चुकी है। अच्छे दिनो का सपना दिखाने वाली सरकार ने महंगाई बढ़ाकर आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। ऐसे में अगर महंगाई पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले दिनों में कांग्रेस अपने आंदोलन को और उग्र करेगी।
📍 Location: Kullu (Kullu)