Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू के किसान ने शहद से तैयार किए अनोखे स्प्रेड और पेय पदार्थ, बिना प्रिजर्वेटिव वाले उत्पादों की बढ़ी मांग

November 10, 2026

कुल्लू के किसान ने शहद से तैयार किए अनोखे स्प्रेड और पेय पदार्थ, बिना प्रिजर्वेटिव वाले उत्पादों की बढ़ी मांग

कुल्लू: जिला की मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत फोजल गांव के रहने वाले किसान और मधुमक्खी पालक पुरुषोत्तम ने पहली बार शहद के साथ, देसी घी, बिच्छू बूटी और बुरांश को मिलाकर स्प्रेड तैयार किया है। जो बिना प्रिजर्वेटिव के बनाया गया है और यह उत्पाद लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। इतना ही नहीं किसान पुरुषोत्तम ने शहद के साथ काला जीरा, अदरक, बुरांश को मिलाकर पेय पदार्थ की तैयार किए है। जो सेहत के लिए काफी अच्छे हैं और लोगों ने पसंद भी कर रहे हैं।

जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में फोजल गांव के रहने वाले किसान पुरुषोत्तम शर्मा के द्वारा नाबार्ड के सहयोग से अपना स्टॉल लगाया गया है। ऐसे में शहद के साथ विभिन्न तरह के प्राकृतिक मिश्रण को लेकर उनके द्वारा उत्पाद तैयार किए गए हैं और ग्राहकों के द्वारा भी इन्हें खूब पसंद किया जा रहा है।

किसान पुरुषोत्तम ने बताया कि यह सब उत्पाद उन्होंने सीएसआईआर-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान (CSIR-IHBT) वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) पालमपुर के सहयोग से तैयार किए है। उनका कहना है कि वह पहले किसान थे और उसके बाद उन्होंने मधुमक्खी पालन का काम भी शुरू किया। ऐसे में जब उनके पास शहद का काफी अधिक मात्रा में उत्पादन होने लगा। तो इसे बाजार में बेचने के लिए भी समस्या आने लगी। ऐसे में उन्होंने सीएसआईआर के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ संपर्क किया और उनके साथ मिलकर इसी के उत्पाद तैयार करने के बारे में सोचा।

सीएसआईआर के तत्वाधान में उन्हें 1 साल का प्रशिक्षण भी दिया गया और उन्होंने हिमाचल में पहली बार शहद से बने पेय पदार्थ और विभिन्न जड़ी बूटियां के मिश्रण से शहद का स्प्रेड भी तैयार किया है। जो पूरी तरह से प्राकृतिक है और यह बिना किसी केमिकल के तैयार किया गया है। ऐसे में अब शहद के उत्पादन से जहां उन्हें कमाई हो रही है। तो वहीं विभिन्न तरह के उत्पाद बनाने से भी उन्हें आर्थिक रूप से फायदा हो रहा है। किसान पुरुषोत्तम का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ मिलकर इस कारोबार को कर रहे हैं और पूरा परिवार इस तरह के उत्पाद बनाने, पैकिंग करने और बाजार में बेचने में उनका सहयोग कर रहा है।

किसान पुरुषोत्तम का कहना है कि यह सब उत्पाद बनाने का आईडिया उनके दिमाग में तब आया। जब वह अपने किसी रिश्तेदार से मिलते थे। तो वह बताते थे कि उन्हें ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल सहित अन्य बीमारियां हो गई है और डॉक्टर के द्वारा उन्हें बाजार में डिब्बा बंद जूस तथा अन्य उत्पादों के प्रयोग के लिए मना किया गया है। फिर उनके दिमाग में ख्याल आया कि क्यों ना वह शहद से ही विभिन्न तरह के उत्पाद तैयार करें जो किसी भी बीमारी में मरीजों के द्वारा आसानी से लिया जा सकता है। अब उनके द्वारा शहद काला जीरा, शहद अदरक, शहद बुरांश, शहद और नींबू के साथ मिलकर चार तरह के पदार्थ तैयार किए गए हैं। इसके अलावा पहली बार शहद के साथ बिच्छू, शहद के साथ बुरांश और शहद के साथ घी को मिलाकर स्प्रेड भी तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते 2 सालों से वह यह काम कर रहे हैं और धीरे-धीरे अब लोग भी उनके उत्पादों को पसंद कर रहे हैं।

किसान पुरुषोत्तम का कहना है कि उन्होंने पहली बार पालमपुर में सीएसआईआर में ही आयोजित प्रदर्शनी में अपने उत्पादों को अवलोकन के लिए रखा था। जहां पर लोगों के द्वारा उन्हें काफी पसंद किया गया। जिला कुल्लू में भी विभिन्न दुकानों में वह अपने उत्पाद बेचने के लिए दे रहे हैं। जिसे सैलानी भी पसंद कर रहे हैं। ऐसे में अब उनका प्रयास है कि जो भी नाबार्ड या अन्य माध्यमों से प्रदर्शनी प्रदेश या देशभर में लगाई जाएगी। वहां पर वह अपने उत्पाद ले जाएं। ताकि लोगों को बिना केमिकल युक्त शहद से बने उत्पादों को चखने का अवसर मिलेगा और लोग अपनी सेहत को भी अच्छी तरह से सुधार पाएंगे।

📍 Location: Kullu (KULLU)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें