कुल्लू: युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत जिला कुल्लू में तीन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 31 अक्तूबर, 2026 को शिमला से इस अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 100 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा।
इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट https://khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सर्वप्रथम उपमंडल स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों एवं टीमों को जिला तथा राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उपमंडल स्तर पर प्रत्येक खेल में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 51,000 रुपये, 41,000 रुपये तथा 31,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने कुल्लू जिला के सभी इच्छुक खिलाड़ियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की है।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने एवं पंजीकरण संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कार्यालय कुल्लू के दूरभाष नंबर 9816698106 और 9015288090 पर संपर्क कर सकते हैं।
📍 Location: Kullu (Kullu)

