
कुल्लू। जिला कुल्लू के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब कैंसर रोगों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति की गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने डॉ. मैत्री आचार्य को क्षेत्रीय अस्पताल (आरएच) कुल्लू में अस्थायी आधार पर तैनात करने के आदेश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार डॉ. मैत्री आचार्य मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट) हैं और वर्तमान में डॉ. वाईएस परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नाहन, जिला सिरमौर में रेडियोथेरेपी एवं ऑन्कोलॉजी विषय में सीनियर रेजिडेंसी कर रही हैं।
सरकार की ओर से उन्हें तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग को ज्वाइनिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
डॉ. मैत्री आचार्य की नियुक्ति से कुल्लू जिला सहित आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब कैंसर से संबंधित परामर्श और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए मरीजों को अन्य बड़े अस्पतालों की ओर रुख करने की जरूरत कम हो सकती है। यह नियुक्ति क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
📍 Location: Kullu (Kullu)
मेष: दिन शुभ रहेगा...