हिमाचल प्रदेश: कुल्लू जिले के ग्राम पंचायत जरड भुठ्ठीब कॉलोनी के गदौरी गांव में सुबह अचानक एक रिहायशी मकान में भयानक आग लग गई। इस आग से गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। ग्रामीणों की मेहनत के बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जो मौके पर तुरंत पहुंचकर आग बुझाने में जुट गया। लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सारा घरेलू सामान जलकर राख
मकान मालिक मोहिनी बौद्ध ने बताया कि आग की चपेट में उनके कमरे में रखा सारा सामान आ गया। लकड़ी का फर्नीचर, कपड़े, सिलाई मशीन और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
बिजली के शॉर्ट सर्किट की संभावना
मकान मालिक मोहिनी बौद्ध का कहना है कि यह हादसा बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी बिजली के पोल से उत्पन्न हो रही स्पार्किंग की शिकायत बिजली विभाग से की थी, लेकिन विभाग की अनदेखी के कारण यह हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें: पुतिन ही नहीं इन नेताओं का भी स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे थे PM मोदी
धुआं फैलने से फैले खौफ
उन्होंने बताया कि आग लगने के दौरान परिवार के सदस्य कमरे में मौजूद थे। देखते ही देखते आग का धुआं पूरे ग्राउंड फ्लोर में फैल गया, जिससे पूरे घर में खौफ का माहौल बन गया। सौभाग्य रहा कि इस हादसे में किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ।

