नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार शाम दिल्ली एयरपोर्ट पर खुद जाकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया। पुतिन दो दिन के भारत दौरे पर पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि इस यात्रा में दोनों देश रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री का किसी विदेशी नेता को एयरपोर्ट पर रिसीव करने जाना बहुत ही खास कदम माना जाता है। यह संकेत देता है कि भारत उस देश के साथ अपने रिश्तों को कितनी अहमियत देता है। खास बात यह है कि हाल ही में अमेरिका ने रूसी तेल खरीदने को लेकर भारत पर टैरिफ बढ़ा दिए हैं, ऐसे माहौल में पुतिन का स्वागत और भी ज्यादा प्रतीकात्मक माना जा रहा है। पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत कम मौकों पर खुद एयरपोर्ट जाकर किसी नेता का स्वागत किया है। पुतिन से पहले वे सिर्फ छह बार ऐसा कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास 2 ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 8 पैकेट हेरोइन बरामद
इन नेताओं को भी मोदी ने एयरपोर्ट पर किया था रिसीव
1. बराक ओबामा – 2015
साल 2015 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत आए थे। वे उस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे। उनकी यात्रा के दौरान भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटके पड़े परमाणु समझौते को आगे बढ़ाने में बड़ी प्रगति हुई थी। इसी वजह से प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट जाकर उनका स्वागत किया था।
2. शेख हसीना – 2017
साल 2017 में प्रधानमंत्री मोदी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। हसीना लगभग 7 साल बाद भारत आई थीं और उस समय तीस्ता नदी जल बंटवारे को लेकर दोनों देशों के बीच काफी चर्चा चल रही थी। यह यात्रा रिश्तों को मजबूत करने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण थी।
3. शिंजो आबे – 2017
2017 में ही जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे भारत आए। मोदी और आबे के बीच व्यक्तिगत दोस्ती काफी चर्चा में रहती थी। उनकी यात्रा के दौरान अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना का शिलान्यास हुआ, जिसकी वजह से पीएम मोदी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर जाकर उनका स्वागत किया।
4. डोनाल्ड ट्रंप – 2020
साल 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत दौरे पर आए। मोदी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ नाम के बड़े कार्यक्रम को संबोधित किया, जिसमें लगभग एक लाख लोग मौजूद थे।
5. मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान – 2024
जनवरी 2024 में यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट’ में शामिल होने भारत आए थे। इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने खुद एयरपोर्ट पर पहुंचकर उनका स्वागत किया।
6. शेख तमीम बिन हमद अल थानी – 2025
फरवरी 2025 में कतर के अमीर शेख तमीम भारत आए। यह दौरा ऊर्जा सहयोग और निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया। पीएम मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर जाकर उनका विशेष स्वागत किया था।
ये भी पढ़ें: RBI ने रेपो रेट 0.25% घटाया: होम और कार लोन की EMI होगी सस्ती, जानिए कितना फायदा होगा