Site icon Dainik Savera Times

कुल्लू में शादी से इनकार करना पड़ा भारी, युवक ने लड़की के घर में लगा दी आग

Fire In Shimla

Fire In Shimla

हिमाचल डेस्कः कुल्लू जिले के आनी के तांदी क्षेत्र में बेटी की शादी से इनकार करने पर एक परिवार के घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। आधी रात को लगी आग से परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। पड़ोसियों की सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ये भी देखें :-

फोन पर दी थी धमकी

पीड़ित राजेश कुमार पुत्र कृष्ण लाल, निवासी कटाहर, डाकघर तांदी ने आरोप लगाया कि पंकज शर्मा नामक युवक ने दो दिन पहले फोन पर धमकी दी थी कि यदि उसकी शादी उनकी बेटी से नहीं करवाई गई तो वह पूरे परिवार को घर में आग लगाकर जला देगा। घटना के समय आरोपी अपनी गाड़ी में मौके के आसपास देखा गया और बाद में फरार हो गया।

खाना खाने के बाद सो रहा था परिवार

पुलिस चौकी लुहरी में दी गई शिकायत के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे आग लगने की सूचना मिली। राजेश कुमार ने बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ भोजन करने के बाद कमरे में सो गए थे। करीब 10:30 बजे पड़ोसन गुड्डी देवी ने शोर मचाकर बताया कि उनके घर में आग लगी है। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य तुरंत बाहर निकले। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग से हुआ भारी नुकसान

आगजनी की इस घटना में राजेश कुमार के पुराने मकान के लिए अलग रखी देवदार की लकड़ी, कमरे में रखी सेब की जालियां, प्लास्टिक के किल्टे, ईंधन की लकड़ी और बिजली मीटर की तारें सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में थाना आनी में मामला दर्ज कर लिया गया है। Madan Lal Kaushal, पुलिस अधीक्षक कुल्लू, ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version