Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Manali Bus Accident: हिमाचल प्रदेश में अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में गिरी निजी बस, 8 यात्री हुए घायल

July 26, 2024

Manali Bus Accident: हिमाचल प्रदेश में अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में गिरी निजी बस, 8 यात्री हुए घायल

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में शुक्रवार सुबह एक निजी बस ब्यास नदी में गिर गई। इसमें 8 यात्री घायल हो गए। घायलों में से 6 का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली और 2 का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार न्यू प्रेम बस सर्विस ट्रांसपोर्ट की बस सुबह 7:55 बजे मनाली से पठानकोट के लिए निकली थी। इसमें चालक और परिचालक समेत 12 यात्री सवार थे।

सुबह करीब 8 बजे मनाली से कुछ दूरी पर बनुपुल के पास बस अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से 20 फीट नीचे ब्यास नदी में जा गिरी। इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।

बस के नीचे एक कार भी आई है और क्षतिग्रस्त हो गई है। जिस स्थान पर बस सड़क से पलटी है, वहां सड़क किनारे ब्रेक के निशान हैं। तकनीकी खराबी को हादसे का कारण बताया जा रहा है। कुल्लू के एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि हादसे में 5 पुरुष और 3 महिलाएं घायल हुई हैं। एक पुरुष को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का कारण बस में तकनीकी खराबी है। पुलिस इसकी जांच कर रही है, जो भी अन्य पहलू सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे में बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें