शिमला: शिमला ग्रामीण स्पोर्ट्स कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन सुन्नी की ओर से वीरवार को एंटी चिट्टा रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बस स्टैंड सुन्नी से लेकर एसडीएम कार्यालय तक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सैंकड़ों छात्र-छात्रओं एवं आज जनता ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में सबसे बड़ी चुनौती चिट्टे का फैलता जाल है।
आज हर गांव तक चिट्टे के कारोबार ने अपने पैर पसार लिए है। हमारी युवा पीड़ी इसकी चपेट में बुरी तरह फंसती जा रही है। उन्होंने कहा कि चिट्टा (सिंथेटिक ड्रग्स) के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ कड़ा और बहुआयामी अभियान छेड़ रखा है। सरकार द्वारा सख्त कानून, प्रभावी पुलिस कार्रवाई, जनजागरूकता और पुनर्वास इन चार स्तंभों पर आधारित रणनीति पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार यह मानती है कि केवल दंडात्मक कदम पर्याप्त नहीं हैं। इसलिए जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में शिक्षित किया जा रहा है।
पंचायत स्तर तक नशा मुक्त हिमाचल जैसे कार्यक्रम चलाकर समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। शिक्षण संस्थानों में सेमिनार, कार्यशालाएं और परामर्श सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि छात्र सही मार्ग चुन सकें। नशा तस्करों की सूचना देने वालों के लिए 10,000 से 10 लाख रुपए तक के इनाम की घोषणा की गई है और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का आश्वासन दिया गया है।