शिमला: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चलहोग में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए पंचायत घर का लोकार्पण किया। उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने पंचायत व क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श पंचायत घर बनाने की दिशा में तेज गति से काम कर रही है। मात्र एक वर्ष में भवन का निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित किया गया है।
उन्होंने कहा कि चलहोग पहले शकराह पंचायत का हिस्सा था और लगभग 402 आबादी वाली छोटी पंचायत होने के बावजूद यहां विकास कार्य समान रूप से किए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में शिमला ग्रामीण में 1500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए, जिनकी बदौलत आज यहां लॉ यूनिवर्सिटी, ज्यूडिशियल अकादमी और फाइन आर्ट कॉलेज जैसे संस्थान स्थापित हैं। मंत्री ने कहा कि चुनाव पार्टी के आधार पर होते हैं, लेकिन विकास कार्य कभी भी पार्टी आधारित नहीं होने चाहिए।
सरकार की प्राथमिकता पूरे प्रदेश का समान विकास है, जिसे टीम वर्क के माध्यम से ही सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनावी रंजिशों के कारण विकास प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने मनरेगा के माध्यम से दो लाख रुपये तक के डंगे लगाने की स्वीकृति दी है, जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों को राहत मिलेगी। आर्थिक संकट के बावजूद सरकार संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत प्रदेश में 2300 करोड़ रुपये की सड़कों को मंजूरी मिली है।
हरी देवीझ्रबलोह सड़क की मेटलिंग 35 लाख रुपये की लागत से पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि घन्नाहटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेडियोग्राफर और लैब तकनीशियन के पद मंजूर कर लिए गए हैं। शिमला ग्रामीण में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार एक हजार रोगी मित्रों की भर्ती करने जा रही है। सरकारी स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड लागू किया जा रहा है, जिसमें घन्नाहटी स्कूल भी शामिल है। कार्यक्रम में मंत्री ने पंचायत घर के मैदान के लिए 5 लाख रुपये और नए फर्नीचर के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। स्थानीय प्रतिनिधियों ने शॉल और टोपी पहनाकर मंत्री का सम्मान किया।
ये भी पढ़ें: भूकंप के झटकों से दहला जम्मू-कश्मीर, जानिए रिक्टर स्केल पर कितनी रही तीव्रता?
मेष: दिन शुभ रहेगा...