हिमाचल डेस्कः प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को मानसून ने पूरे किन्नौर जिले, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अधिकांश हिस्सों, शिमला और मंडी के कई क्षेत्रों तथा सिरमौर और कांगड़ा के कुछ इलाकों को कवर कर लिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में राज्य के शेष हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
ये भी पढे़ं :-
बीते वर्ष मानसून 20 जून को हिमाचल पहुंचा था, जबकि इस बार इसकी एंट्री करीब 10 दिन देरी से हुई है। राज्य में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है। इस बार मौसम विभाग ने मानसून सीजन में सामान्य से कम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
7 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 30 जून को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 1 और 5 जुलाई को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 2, 3, 6 और 7 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान गोहर में 55 मिमी, मंडी में 45.6 मिमी, बरठीं में 42.6 मिमी, रायपुर मैदान में 41 मिमी, सुंदरनगर में 31.4 मिमी, कांगड़ा में 30.8 मिमी और बग्गी में 24 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इन जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 2 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में, 3 जुलाई को ऊना, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में और 4 जुलाई को कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 1 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी, 2 जुलाई को चंबा, मंडी और सिरमौर, 3 जुलाई को बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सोलन तथा 4 जुलाई को ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
ये भी पढे़ं :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...