Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारी बर्फबारी के कारण छह दिनों से बंद पड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-5 हुआ बहाल

January 30, 2026

भारी बर्फबारी के कारण छह दिनों से बंद पड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-5 हुआ बहाल

रामपुर बुशहर: राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर भारी बर्फबारी के कारण पिछले कई दिनों से बाधित चल रही बस सेवा अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। छह दिन के लंबे अंतराल के बाद रामपुर-नारकंडा सड़क से शिमला के लिए एचआरटीसी की बसों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई है, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। रामपुर बस अड्डा प्रभारी स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि बर्फबारी और फिसलन के कारण 23 जनवरी से इस मार्ग पर बस सेवाएं प्रभावित हो गई थीं।

सड़क पर जमी बर्फ और खराब मौसम की स्थिति के चलते बसों को इस मार्ग से चलाना जोखिम भरा हो गया था, जिसके चलते निगम ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई। इस दौरान रामपुर से शिमला, चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वाली बसों को वाया धामी होकर भेजा जा रहा था, जिससे यात्रियों को अधिक समय लग रहा था और यात्र भी लंबी हो गई थी। हालांकि अब मौसम में सुधार और सड़क से बर्फ हटाने के बाद आज सुबह 10 बजे के बाद रामपुर से शिमला के लिए बसों को नारकंडा मार्ग से रवाना किया गया।

बस सेवा बहाल होने से स्थानीय लोगों, कर्मचारियों, छात्रों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। परिवहन विभाग के अनुसार सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम खराब होने की स्थिति में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यात्रियों ने भी प्रशासन और सड़क बहाली में जुटी टीमों का आभार जताते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए स्थायी समाधान भी निकाला जाएगा, ताकि लोगों को लंबी असुविधा का सामना न करना पड़े।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें