Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

बनीखेत में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 14 राज्यों के खिलाड़ियों ने लिया भाग; 100 मीटर दौड़ में दिखाया दमखम

October 24, 2026

बनीखेत में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 14 राज्यों के खिलाड़ियों ने लिया भाग; 100 मीटर दौड़ में दिखाया दमखम

बनीखेत: हिमाचल प्रदेश की देवभूमि एवं जिला चम्बा के बनीखेत खेल मैदान में आज प्रथम जूनियर नेशनल टेराथॉन चैम्पियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों के बाल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री राजिल व्यास, कार्यकारी निदेशक, NHPC बनीखेत द्वारा किया गया। इस अवसर पर टेराथॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री प्रशांत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर टेराथॉन एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष श्री विनीत विज, महासचिव श्री नवीन मेहता, उपाध्यक्ष श्री विपन राजपूत, श्री बालक राम, श्री विनोद मेहता, श्री परवीन कुमार सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं आयोजन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सहयोग देने वाले अतिथियों, अधिकारियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

प्रथम दिवस पर 100 मीटर दौड़ स्पर्धा आकर्षण का केंद्र

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर 100 मीटर दौड़ स्पर्धा का सफल आयोजन किया गया। बालक वर्ग की 100 मीटर फाइनल रेस में डलहौजी पब्लिक स्कूल के शुभम एवं कर्मा, आंध्र प्रदेश के ध्रुवा पी. तथा हरियाणा के लक्ष्य चहर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में डलहौजी पब्लिक स्कूल की मौमिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अग्रिम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश की मुस्कान तथा तमिलनाडु की रचिता, लक्ष्मी, मोहिनी एवं हेमलता ने भी प्रतिस्पर्धा में बेहतरीन खेल भावना एवं प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के आगामी चरणों में 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ सहित अन्य निर्धारित स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय आयोजन से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने तथा खेलों के प्रति प्रोत्साहित होने का अवसर मिल रहा है। टेराथॉन एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश ने आशा व्यक्त की कि यह चैम्पियनशिप हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा देशभर के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें