Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

अप्रैल तक पूरा होगा हेलीपोर्ट का निर्माण, रिंग रोड भी बनेगी

November 27, 2026

अप्रैल तक पूरा होगा हेलीपोर्ट का निर्माण, रिंग रोड भी बनेगी
New Haroli to Emerge as a Modern Development Hub : शिमला। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज न्यू हरोली में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों के साथ पूरे परिसर का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि न्यू हरोली में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। दिसंबर तक इसका 60 प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें ट्रैक के लिए आवश्यक स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। मौसम अनुकूल होने पर गर्मी के दौरान सिंथेटिक सतह बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा और 30 अप्रैल से पहले ट्रैक पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि न्यू हरोली में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का कार्य भी अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य है। पूरे परिसर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विकसित केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां इनडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सैनिक भवन, उद्योग भवन तथा जल शक्ति विभाग का एसई कार्यालय बनाया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में खेल, सामाजिक गतिविधियों, प्रशासनिक कार्यों और अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को पूरे परिसर में पानी की निकासी के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को आपस में जोड़ने और परिसर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रिंग रोड भी प्रस्तावित है। इसके अलावा रामपुर पुल से हरोली की ओर एक बड़ा गोल चक्कर बनाया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल शक्ति भवन तक विकसित किए जा रहे विकास पथ का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके माध्यम से क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के साथ विभिन्न परियोजनाओं तक बेहतर पहुंच और कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू हरोली में सभी परियोजनाओं को एकीकृत रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही परिसर में खेल, सामाजिक, प्रशासनिक और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इन विकास कार्यों के पूरा होने से हरोली के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र एक आधुनिक एवं सुविधायुक्त विकास केंद्र के रूप में उभरेगा। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, महासचिव दिनेश शर्मा सहित जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें