Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेले के दौरान श्रद्धालुओं को मिले हर सुविधा, इसके लिए जिम्मेदारी से काम करें अधिकारी : Inder Dutt Lakhanpal

February 14, 2023

मेले के दौरान श्रद्धालुओं को मिले हर सुविधा, इसके लिए जिम्मेदारी से काम करें अधिकारी : Inder Dutt Lakhanpal

हमीरपुर : विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने मंगलवार को बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटिसद्ध में जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके 12 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र मास मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिलाधीश एवं बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की आयुक्त देबश्वेता बनिक, न्यास के अध्यक्ष एवं बडसर के एसडीएम शशि पाल शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मेले से संबंधित सभी प्रबंधों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि मेले के दौरान बाहर से बडी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध की जानी चाहिए। इनमें किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्हाेंने कहा कि इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल और बिजली की आपूर्ति, सफाई तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहनी चाहिए। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पूरे दियोटिसद्ध क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत करवाने और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को मेले के दौरान पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधीश देबश्वेता बनिक ने बताया कि मेले के सुचारू आयोजन के लिए एसडीएम बडसर को मेला अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जबकि डीएसपी बडसर मेला पुलिस अधिकारी होंगे।

इनके अलावा बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्न को पांच सैक्टरों में बांटा जाएगा और प्रत्येक सैक्टर के लिए सैक्टर मैजिस्ट्रेट तथा सैक्टर पुलिस अधिकारी तैनात किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के दौरान मंदिर को 24 घंटे खुला रखा जाएगा। जिलाधीश ने बताया कि मेले के लिए 150 अतिरिक्त पुलिस कर्मचारी और 175 होमगार्डस की तैनाती की जाएगी। इनके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम से भी कड़ी नजर रहेगी। मेले के दौरान आग की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन वाहन और अग्निशमन कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट रहेंगे।

श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे। खाद्य वस्तुओं की क्वालिटी सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी अधिकारी की डयूटी लगाई जा रही है। मेले के दौरान पार्किग व्यवस्था, बस एवं टैक्सी सुविधा, लंगर व्यवस्था और अन्य प्रबंधों को लेकर भी व्यापक चर्चा की गई।

बाबा बालक नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, यू-टयूब चैनल का क्यूआर कोड किया लांच

चैत्र मेले की तैयारियों से संबंधित बैठक से पहले विधायक इंद्र दत्त लखनपाल और जिलाधीश देबश्वेता बनिक ने बाबा बालक नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्हांेने बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के यू-टयूब चैनल के क्यूआर कोड का अनवारण भी किया। श्रद्धालु इस क्यूआर कोड को अपने मोबाइल पर स्कैन करके यू-टयूब चैनल पर बाबा की गुफा के दर्शन, आरती और अन्य गतिविधियां देख सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें